संसद में बोलते डा. शफीकुर्रहमान बर्क।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने संसद में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान दिल्ली में हुए बवाल और हिंसा का मुद्दा उठाया है। भाजपा के तीन नेताओं पर भड़काऊ बयान देने और दंगा कराने का आरोप लगाया है। साथ ही गृहमंत्री से यह सवाल भी किया कि इस पर अब तक रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं की गई? सांसद डा. बर्क ने बुधवार को संसद में कहा कि हिन्दुस्तान में सभी लोग रहते हैं। सभी इंसान हैं।
इसलिए इंसानियत का सलूक सबके संग होना चाहिए। दंगों से इंसानियत का नुकसान होता है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली दंगें में कितने लोग मारे गए हैं? कितने मामलों में रिपोर्ट दर्ज की गई हैं और कितना नुकसान हुआ है? फायरिंग करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई या नहीं हुई? यह सवाल अहम हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के बयान से दंगे की आग फैली। उन्होंने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। मुस्लिमों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की।