ईवीएम की विश्वसनीयता पर उठे सवाल।
- फोटो : फाइल फोटो
संवेदनशील संभल में निकाय चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराना पुलिस प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। संभल के 193 मतदान बूथों पर बुधवार को होने वाले मतदान के मददेनजर सुरक्षा के खास प्रबंध किए गए हैं। पैरामिलिट्री फोर्स ने डेरा डाल दिया है। संवेदनशील मतदान बूथों पर कड़ी चौकसी रहेगी।
स्थानीय पुलिस व पीएसी के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात किए जाएंगे। मतदान से पहले ही जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है। संभल में पुलिस वाहन चेकिंग की। स्टेटिक मजिस्ट्रेटों ने वाहनों की चेकिंग में कैश पकड़ने का प्रयास किया। दिन भर चेकिंग चलती रही।
जनपद संभल में 29 नवंबर को मतदान होना है। जिले के 443 मतदान बूथों पर 3.72 लाख मतदाता हैं। तीन नगर पालिकाओं और पांच नगर पंचायतों में अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। बात संभल की करें तो यहां के 193 बूथों पर 1.72 लाख मतदाता अपनी सरकार चुनेंगे। चूंकि संभल मुरादाबाद मंडल में सबसे ज्यादा संवेदनशील है।
संभल के मतदान केंद्र संवेदनशील प्लस श्रेणी में है। यहां के आठ मतदान केंद्र संवेदनशील होने की वजह मिश्रित आबादी, राजनैतिक प्रतिद्वंदता है। इसलिए मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराना चुनौती भरा है। हालांकि संभल में पैरामिलिट्री फोर्स भी डेरा डाल चुकी हैं। बड़ी तादाद में सीआरपीएफ जवानों के साथ ही पीएसी और स्थानीय पुलिस के जवानों डयूटी भी मतदान वाले दिन लगेगी।