संभल। रमजान माह के दौरान जामा मस्जिद में लाउडस्पीकर लगाने की मांग को डीएम ने मंगलवार को खारिज कर दिया है। डीएम ने हवाला दिया है कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है इसलिए कोई अनुमति नहीं दी जा सकती है। जामा मस्जिद कमेटी की ओर से सोमवार को अनुमति के लिए डीएम को पत्र दिया था। इसमें कहा गया था कि रमजान में अजान के लिए लाउडस्पीकर की जरूरत है। ध्वनि मानकों का पालन किया जाएगा।
जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली ने बताया कि रमजान का महीना 18 फरवरी से शुरू हो रहा है। नमाजियों को इमाम की आवाज आसानी से सुनाई दे और कोई रोजे इफ्तार के दौरान कोई भ्रम पैदा न हो, इसलिए लाउडस्पीकर की मांग की गई थी। मानकों का पालन किया जाएगा ये भी भरोसा दिया गया है। लेकिन अनुमति मिली नहीं है। अब कमेटी आगे का निर्णय लेगी।
मालूम हो हिंदू पक्ष की ओर से 19 नवंबर 2024 को सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट में मंदिर होने का दावा पेश किया गया था। सर्वे कराने की मांग की थी। मस्जिद का सर्वे हो चुका है और मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसके चलते ही प्रशासन ने लाउडस्पीकर की अनुमति देने से इन्कार किया है।