संभल जिले में चंदौसी में आगरा हाईवे पर शनिवार सुबह हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार और पलटा टैंकर।
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। संभल में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर हादसे में चार लोगों को संभलना तो दूर सांस लेने तक का मौका नहीं मिला। तेज रफ्तार में लोडेड टैंकर कार को कुचलते हुए करीब 30 मीटर तक खींचकर ले गया। पुलिस व स्थानीय लोगों ने कार की बमुश्किल बॉडी को तोड़कर शवों को बाहर निकाला।
शनिवार की सुबह हाईवे पर करीब साढ़े आठ बजे हादसा हुआ। घना कोहरा छाया था और कार में सवार सभी लोग आराम से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोहरे में टैंकर तेज गति में था। उसमें राइस ऑयल भी भरा हुआ था। अचानक टैंकर तेज गति में गलत साइड में चला गया और सामने से आ रही कार में टक्कर मार दी। तेज आवाज हुई। इसके बाद टैंकर नहीं रुका।
टैंकर के अगले पहिये कार को कुचलते हुए उसके ऊपर चढ़ गए। कार का इंजन पूरी तरह चपटा हो गया और टैंकर उसे घसीटते हुए करीब 30 मीटर दूर तक चला गया। इसके बाद टैंकर रुक गया। कार चला रहे उवैस, उसकी पत्नी अमीना, बेटा आहिल व सास छोटी की चीख तक नहीं निकल पाई। मौके पर जुटी भीड़ ने टैंकर को धकेल कर क्षतिग्रस्त कार हटाया और काफी मशक्कत के बाद कार की बॉडी तोड़कर शवों को बाहर निकाला। शव निकालने में पुलिस को करीब एक घंटे का समय लग गया।