चंदौसी डिवीजन के खिरनी मोहिउद्दीनपुर स्थित बिजलीघर में धरना दे रहे भाकियू (अअ) के पदाधिकारियों की मांग पूरी नहीं होने पर संगठन नेताओं में रोष पनप गया। किसानों ने संभल-गवां मार्ग पर रविवार की दोपहर तीन बजे जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर कैलादेवी थाने की पुलिस पहुंची लेकिन किसान अपनी मांग पूरी होने के बाद ही मुख्य मार्ग से धरना समाप्त करने की मांग पर अड़े हैं। मुख्य मार्ग पर धरना प्रदर्शन होने से जाम के हालात बने हुए हैं। वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
किसानों का यह धरना बिजली की समस्याओं से निजात के लिए 15 दिन से चल रहा है। किसानों ने मांग की थी कि समय पर बिजली आपूर्ति दी जाए, खराब उपकरणों को बदला जाए और सारंगपुर फीडर की क्षमता बढ़ाई जाए। इन मांगों को पूरा करने का विद्युत निगम की ओर से आश्वासन तो दिया गया लेकिन कार्य शुरू नहीं हुआ। इसी को लेकर महांपचायत का निर्णय हुआ।
महापंचायत के दौरान ही मुख्य मार्ग पर धरना प्रदर्शन करने की बात तय हुई और जाम लगा दिया गया है। एसडीएम और विद्युत निगम के अधिकारियों को जाम लगाने की पुलिस ने सूचना दे दी है।