थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव में पुलिस ने परिजनों के विरोध के बावजूद रात करीब एक बजे दुष्कर्म पीड़िता का अंतिम संस्कार करा दिया। हंगामा विरोध की आशंका को लेकर गांव में गली मोहल्लों में पुलिस तैनात रही और ग्रामीणों को एकत्र नहीं होने दिया।
बुधवार की दोपहर कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव में दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही ना होने और पुलिस द्वारा समझौते का दबाव बनाने पर फंदे पर लटककर जान दे दी थी। पोस्टमार्टम के बाद रात करीब 11 बजे किशोरी का शव गांव पहुंचा। गांव में पहले से ही चंदौसी, कुढ़फतेहगढ़, बनियाठेर सहित अन्य थानों की पुलिस मौजूद थी। सीओ चंदौसी दिनेश कुमार ने परिजनों से रात में ही किशोरी का अंतिम संस्कार कराने की बात कही। पर परिजनों ने इंकार कर दिया। ग्रामीण एकत्र ना हो इसके लिए गली मोहल्लों में जगह-जगह पुलिस तैनात रही।
परिजनों के विरोध के बावजूद पुलिस ने रात करीब एक बजे उसका अंतिम संस्कार करा दिया। इस दौरान किशोरी की मां बेहोश हो गई। पुलिस को आशंका थी कि बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीण एकत्र हो जाएंगे और उसका अंतिम संस्कार से पहले आरोपियों व पुलिस पर कार्यवाही की मांग कर सकते हैं। पुलिस ने रात में सख्ती बरतते हुए अंतिम संस्कार करा दिया। इस दौरान किसी को भी जेब से मोबाइल नहीं निकाले दिया। किसी को भी मौके से ने तो फोटो खींचने दिए और ने वीडियो बनाने दी। इस दौरान सीओ दिनेश कुमार थाना अध्यक्ष कुढ़ फतेहगढ़ अजीत सिंह व अन्य थानों की फोर्स रही।