मुरादाबाद आगरा हाईवे पर शुक्रवार की रात गांव कैल के पास ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से कार टकरा गई। हादसे में कार सवार बदायूं जनपद के गांव सरेरा निवासी रेवती प्रसाद (60) व सुंदरलाल (58) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
बदायूं जनपद के गांव सरेरा निवासी रेवती प्रसाद अपने साथी सुंदरलाल के साथ बबराला से बहजोई की ओर जा रहे थे। शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे आगरा - मुरादाबाद हाईवे पर स्थित गांव कैल के नजदीक कार ने ट्रैक्टर ने ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इस दौरान कार ट्राली से टकरा गई। गति तेज होने के कारण कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दोनों व्यक्तियों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में ले कर गुन्नौर कोतवाली भेज दिया। सूचना पर मृतकों के परिजन गुन्नौर कोतवाली पहुंच गये। मृतक रेवती प्रसाद के पुत्र ऋषिपाल की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि रात लगभग साढ़े दस बजे हादसा हुआ था। दो लोगों की मौत हो गई। मृतक रेवती प्रसाद के पुत्र ऋषि पाल की तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा।