नखासा थाना पुलिस ने गांव कल्याणपुर को जाने वाले मार्ग से 22 वर्षीय शिक्षिका पर एसिड से हमला करने का मुख्य आरोपी अमरोहा जिले के थाना गजरौला अंतर्गत गांव तिगरी निवासी निशू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की टांग में गोली लगी है।
पुलिस ने जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। मुठभेड़ की सूचना पर पहुंचे एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह और असमोली सीओ कुलदीप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।वहीं, एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की। एसपी ने बताया कि दो दिन से आरोपी की तलाश में टीम लगी थी।
एसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब 10.30 बजे असमोली से कल्याणपुर जाने वाले मार्ग पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी की टांग में गोली लगी है।
एसपी ने बताया कि मंगलवार की दोपहर शिक्षिका पर एसिड हमला करने के दौरान जिस स्कूटी का इस्तेमाल किया गया था वह भी बरामद कर ली गई है। आरोपी के कब्जे से तमंचा व दो खोखे भी मिले हैं। आरोपी का उपचार कराया जा रहा है। स्वस्थ होने पर पूछताछ की जाएगी। घटना क्यों की गई थी।
शिक्षिका 30 प्रतिशत एसिड से झुलसी, दिल्ली में चल रहा है उपचार
आरोपियों ने चेहरे पर एसिड डाला है। इसमें चेहरे के साथ पेट भी झुलस गया है। परिजन दिल्ली के एम्स में उपचार करा रहे हैं। हालत में अभी पूरी तरह सुधार नहीं है। शिक्षिका निजी इंटर कॉलेज में पढ़ाती है। घर लौटते समय घटना हुई थी। शिक्षिका की दो महीने बाद शादी होनी थी लेकिन घटना से पूरा परिवार सदमें में है।
दो वर्ष पहले से एसिड आरोपी के पास था
एसपी ने बताया कि आरोपी दो वर्ष पहले केमिस्ट के यहां काम करता था। इस दौरान ही उसने एसिड को अपने पास रखा था। उसी एसिड का इस्तेमाल घटना में किया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपी से विस्तार से पूछताछ की जाएगी। अभी उसका उपचार कराया जा रहा है।
घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आगे की छानबीन की जा रही है।
-कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल।