संभल। आरटीआई के तहत सूचनाएं उपलब्ध न कराने वाले संभल जिले के 14 सचिवों के वेतन से जुर्माने की धनराशि काटने के निर्देश शासन ने दिए हैं। इसमें चार सचिव ऐसे हैं, जो प्रभारी एडीओ पंचायत के रूप में कार्यरत हैं। वहीं, दो सचिव ऐसे भी हैं, जिनका दूसरे जिलों में ट्रांसफर हो गया है।
डीपीआरओ उपेंद्र पांडे ने बताया कि पंचायतीराज निदेशक के आदेश पर कटौती की जानी है। बहजोई ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अकबरपुर के ग्राम विकास अधिकारी उत्कर्ष गुप्ता, असमोली के अशोक कुमार, पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के सहलिया अब्दालनगर में जमालुउद्दीन, फत्तेहपुर के नवनीत कुमार मिश्रा, बनियाखेड़ा के मोहम्मदपुर काशी में दिनेश कुमार सिंह (अब सेवानिवृत्त) और गुन्नौर के जड़वार में अक्षय गुप्ता (वर्तमान तैनाती बरेली) ने अपने कार्यकाल के दौरान जनसूचनाएं उपलब्ध नहीं कराईं।
वहीं, पंवासा ब्लॉक में एडीओ पंचायत रहे मो. हारून अली (वर्तमान तैनाती अमरोहा), गुरुदयाल सिंह, कपिल देव के वेतन से कटौती करने के निर्देश मिले हैं। बताया कि सभी सचिव व एडीओ को इस संबंध में कुछ कहना है या फिर अपना स्पष्टीकरण देना है तो दे सकते हैं।