बाइक सवार हेमेंद्र (25) की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चंदौसी इस्लाम नगर रोड जाम कर दिया। तहसीलदार समेत तीन थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाली। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बर्रई निवासी हेमेंद्र यादव पुत्र रामसेवक यादव सुबह करीब सात बजे फरीदपुर स्थित ससुराल के लिए निकला था। हेमेंद्र के पिता ने बताया कि घर से निकलने के कुछ देर बाद ही बर्रई पुल के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने रफ्तार कम नहीं की। जिससे बाइक दूर तक घिसटती हुई चली गई। हेमेंद्र को ट्रक के पिछले टायर रौंदते हुए चले गए। जब बाइक ट्रक से अलग नहीं हुई तो चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मौके पर परिजन और पुलिस भी पहुंच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चंदौसी-इस्लामनगर रोड को जाम कर दिया गया। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझा बुझाकर करीब चार घंटे का जाम खुलवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कंटेनर से कुचलकर महिला की मौत, बेटा घायल
चंदौसी(ब्यूरो)। सड़क हादसे में कोतवाली क्षेत्र के गांव कैथल निवासी भगवान देई (50) की मौत हो गई। हादसा आसफपुर-बिलारी मार्ग पर हुआ है। कंटेनर ने महिला को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला का बेटा घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली।
कोतवाली के गांव कैथल निवासी भगवानदेई पत्नी अशरफीलाल अपने पुत्र रघुवीर के साथ बाइक गांव बहोरनपुर गई थी। शाम सात बजे वह गांव आने के लिए बाइक से गांव बहोरनपुर से चली। शाम 7.40 बजे बाइक सवार रघुवीर जब बिचैटा चौराहे पर पहुंचा तो बिलारी की ओर से आ रहे कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। भगवानदेई बाइक से गिर गई और कंटेनर के नीचे आ गई और उससे कुचल कर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्र रघुवीर मामूली रुप से घायल हो गया। चालक कंटेनर को वहां से भगा ले गया।
हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। मां की मौत से रघुवीर का रो रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पहुंच गई और हादसे की जानकारी ली। सूचना मिलने पर कुछ देर बाद परिजन भी वहां आ गए। भगवानदेई की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा है।