महंत आदित्य नाथ योगी सरकार के सत्तारूढ़ होने के बाद गठित एंटी रोमियो दस्तों की दहशत अब सड़क छाप मंजनुओं पर नजर आने लगी है। हालांकि चंदौसी कोतवाली पुलिस ने भी चार सदस्यीय दस्ता गठित किया है, लेकिन अन्य स्थानों पर एंटी रोमियो दस्तों की कार्रवाई से मंजनू अब कम ही दिखाई दे रहे हैं।
यूपी सरकार ने महिला सुरक्षा की ओर कदम उठाते हुए युवतियों, कालेज आती जाती छात्राओं को मनचलों से निजात दिलाने के लिए थाना स्तर पर एंटी रोमियो दस्ता गठित करने का आदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह ने भी थानाध्यक्षों, कोतवाली प्रभारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
हालांकि चंदौसी कोतवाली पुलिस एंटी रोमियो दस्ता गठित करने का दावा तो कर रही है, लेकिन यह दस्ता अभी तक सक्रिय दिखाई नहीं दिया है, लेकिन इसके बावजूद टेलीविजन व समाचार पत्रों में प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर चल रही एंटी रोमियो दस्तों की कार्रवाई से सड़क छाप मंजनुओं के होश फाख्ता हो गए हैं। शाम को अधिकांश उन स्थानों पर सन्नाटा नजर आया, जहां शाम को बाइक सवार व धूम्रपान करते युवकों की भीड़ लगी रहती थी।
कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि उप निरीक्षक इलम सिंह की अगुवाई में दो महिला कांस्टेबलों की सहभागिता में चार सदस्यीय एंटी रोमियो दस्ता गठित किया है। जो स्कूल खुलने व बंद होने, ट्यूशन क्लासेस के समय विभिन्न ठिकानों पर रहकर सड़क छाप मंजनुओं की निगरानी करेगा।