संभल। आरएसएस देश में गलत कर रही है। इस नजरिये से आरएसएस पर प्रतिबंध लग जाना चाहिए। देश को बांटने का काम भी आरएसएस ने किया है। इससे देश के अंदर लोगों में भेदभाव बढ़ रहा है और एकता पर असर पड़ रहा है। यह कहना है संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का।
सोमवार को सांसद ने अपने दीपा सराय स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत की। एक सवाल के जवाब में कहा कि देश को हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कहना पूरी तरह गलत है। देश की आजादी में हमारे बुजुर्ग शामिल रहे और यह उनका अपमान है। सांसद ने कहा कि आजादी की लड़ाई में हिंदू और मुसलमान एक साथ लड़े और संविधान ने भी सभी के लिए बराबर अधिकार दिए। एक अन्य सवाल पर सांसद ने कहा कि भाजपा की देश में 470 सीट कभी नहीं आ सकती है।
दरअसल रविवार को जगद्गुरु रामभद्राचार्य का एक बयान वायरल हुआ था। जिसमें उन्होंने कहा था कि 80 फीसदी आबादी हिंदुओं की होनी चाहिए और 470 सीट पर हिंदू सांसद होना जरूरी हैं। तभी भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा।