बहजोई। बिजली बिल राहत योजना में बकाया बिजली बिल के मूलधन में 25 प्रतिशत तथा संपूर्ण ब्याज माफी का लाभ उठाते हुए विद्युत उपखंड बहजोई में 1 से 31 दिसंबर तक 3418 उपभोक्ताओं ने 7 करोड़ रुपये की धनराशि जमा की।
एसडीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 में ओटीएस के तहत प्रथम माह में उपभोक्ताओं से बकाया बिजली के 5 करोड़ रुपये की धनराशि वसूली की गई थी। अबकी बार बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं से 2 करोड़ रुपये की अधिक वसूली हुई है।
एसडीओ ने बताया कि दिसंबर के आखिरी दिन 346 उपभोक्ताओं से 46 लाख रुपये की बकाया बिल की धनराशि की वसूली की गई।
दोपहर 2 बजे तक साइट खराब होने से रही दिक्कत
बहजोई। दोपहर तक साइट खराब रही। इससे बकाया बिजली बिल जमा करने पहुंचे उपभोक्ताओं को मुश्किल रही। यह बात दीगर है कि दोपहर बाद साइट चलने से बकाया बिजली बिल की धनराशि जमा करने के लिए कुछ उपभोक्ताओं के पंजीकरण हो गए।एसडीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे तक साइट खराब रही। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल राहत योजना के तहत पंजीकरण कराने व बकाया बिल की धनराशि जमा करने में दिक्कत तो रही, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद साइट ठीक होने से 40 उपभोक्ताओं ने बकाया बिजली बिल की धनराशि जमा करने के लिए अपने पंजीकरण करा लिए।
3 जनवरी तक बढ़ी मूलधन में 25 प्रतिशत छूट व संपूर्ण ब्याज माफी
एसडीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना के तहत प्रथम चरण में रही बकाया बिजली बिल के मूलधन में 25 प्रतिशत छूट व संपूर्ण ब्याज माफी की प्रक्रिया अब निगम की ओर से 3 जनवरी तक बढ़ा दी गई है।