संभल। ट्रैक्टर-ट्राली में मक्का भरकर बेचने के लिए संभल की मंडी समिति लाए किसान आबिद निवासी जोगीपुरा थाना हयातनगर से टप्पेबाजी की घटना हुई है। दो टप्पेबाजों ने चंदौसी चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप पर किसान को अपना निशाना बनाया और उनके पास से 1.18 लाख रुपये की रकम साफ कर दी।
आबिद ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। इसमें कहा है कि वह अपने ट्रैक्टर से मंडी समिति में अतीक भूरे की आढ़त पर मक्का डालकर तथा मक्का का पेमेंट लेकर चंदौसी रोड पर ट्रैक्टर सही करा रहा था। ट्रैक्टर को छोड़कर चंदौसी चौराहा की ओर आते समय पेट्रोल पंप के पास दो व्यक्तियों ने उससे करीब आधे घंटे तक दीनी (धार्मिक) बातों में उलझा लिया। उनकी बातों से प्रभावित होकर 1.18 लाख रुपये अपने हाथ ही उन्हें दे दिए। जबकि तीस हजार रुपये अपने पास रखे। टप्पेबाजी की घटना होने की पुलिस को जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंच गई। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।