गुन्नौर (संभल)। संभल के गुन्नौर में आतिशबाज के घर हुए धमाके के आरोपी साबिर अली को बुधवार को पुलिस ने जेल भेजा है। आरोपी ने स्वीकारा है कि वह सोमवार को ही चंदौसी से आतिशबाजी की सामग्री खरीद कर लाया था। गोदाम में सामग्री रखनी थी लेकिन घर में रख दी। धमाका कैसे हुआ इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दे सका।
वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन की टीम ने बुधवार को भी घटनास्थल पर छानबीन की। पुलिस ने एहतियाती तौर पर बम निरोधक दस्ते को बुलाकर बरामद सामग्र्री की छानबीन कराई। बेहद खतरनाक विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला। इसके बाद बरामद की गई सामग्री को पुलिस ने रखवा दिया। गुन्नौर सीओ आलोक कुमार सिद्धू ने बताया कि अभी तक की छानबीन में साबिर ही आरोपी माना गया है। इसलिए उसके ही खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मालूम हो साबिर अली के घर मंगलवार की शाम पौने छह बजे करीब धमाका हुआ था। इसमें आतिशबाज साबिर का मकान पूूरी तरह ध्वस्त हो गया था और आसपास के छह मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस हादसे में कारोबारी की पत्नी गुड्डो, बेटी अनम और पड़ोसी पप्पू की बेटी सुमैय्या की मलबे में दबने से मौत हो गई थी।
धमाका इतना जबरदस्त था कि 500 मीटर तक मकान का मलबा गया था। इस मलबे की चपेट में आने से इसी मोहल्ले के निवासी जसवंत के छह महीने के बेटे ओम की भी मौत हो गई थी। इसके अलावा 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिनका उपचार चल रहा है।