चंदौसी (संभल)। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सतीश अरोरा के बेटे तरुण अरोड़ा के विवादित कमेंट का मामला शांत नहीं हुआ है। रविवार की रात सहमति बनने की चर्चा थी लेकिन सोमवार को यह विवाद फिर से सामने आ गया। सभासदों का कहना है कि जिला उपाध्यक्ष के बेटे ने माफी नहीं मांगी है। इसलिए लगाए गए आरोप का साक्ष्य दें। यदि साक्ष्य नहीं देंगे तो कार्रवाई के लिए तहरीर दी जाएगी।
रविवार को चंदौसी के अनुज अग्रवाल ने जलनिगम और पालिका की लापरवाही को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी। जिस पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सतीश अरोरा के बेटे तरुण अरोरा ने कमेंट किया कि सभासद पालिकाध्यक्ष से कमीशन के लिए लड़ते हैं। इस कमेंट के बाद रोष पनप गया था। हालांकि बाद में भाजपा नगर अध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने तरूण से माफी मंगवाने की बात कहकर मामले को शांत कराने की बात कही थी। वहीं जिला उपाध्यक्ष ने भी खेद व्यक्त किया था। सोमवार को सभासद नवकांत शर्मा, सचिन रस्तोगी, अमन कोरी ने कहा कि तरूण अरोरा ने भाजपा नेता के बेटे ने सभासदों की छवि खराब करने का प्रयास किया है। उसने माफी भी नहीं मांगी गई है। न ही आरोपों को लेकर कोई साक्ष्य दिया है। सभासदों ने कहा कि तीन दिन के अंदर आरोपों का साक्ष्य न देने पर मुकदमा दर्ज कराएंगे।