मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां मुकम्मल कर ली है। इसमें कोई बाधा न आए इसके लिए हर एहतियात बरता जा रहा है। इसको लेकर मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रूट-डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसके लिए बाईपास पर पहरा रहेगा। यहां से नगर में भारी वाहन प्रवेश नहीं कर पाएंगे।
पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण ने बताया कि 11 मार्च 2017 को सुबह आठ बजे से होने वाली विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए एनएच पर रूट-डायवर्जन किया गया है। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहजोई में कलक्ट्रेट के पास संभल बाईपास पर पुलिस का बैरियर रहेगा।
इससे गुजरकर भारी वाहन नगर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। चंदौसी से बबराला की ओर जाने वाले बड़े और भारी वाहन बाईपास से संभल-गवां होते हुए निकल सकेंगे। वहीं इस्लामनगर रोड पर नगर की सीमा पर ही बैरियर लगाकर बड़े और भारी वाहनों का नगर में प्रवेश रोक दिया जाएगा।
यह वाहन इस्लामनगर से चंदौसी होते हुए गुजर सकेंगे। वहीं बबराला की ओर से आने वाले बड़े और भारी वाहनों को सादातबाड़ी वाले मोड़ पर ही रोक दिया जाएगा। बबराला से गवां-संभल होते हुए यह वाहन चंदौसी-मुरादाबाद के लिए निकल सकेंगे।
संभल की ओर से आने वाले बड़े-भारी वाहनों को भी नगर की सीमा पर बैरियर लगाकर रोक दिया जाएगा। यह वाहन गवां होते हुए बबराला की ओर जा सकेंगे। वहीं संभल से नरौली होते हुए भी बड़े वाहन चंदौसी जा सकेंगे।