चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के रामनगर गांव में सोमवार की रात बदमाश चार घरों में घुसे। इस दौरान आहट से एक घर में सो रही महिला की नींद खुल गई। बदमाशों ने महिला को तमंचे की नोंक पर भयभीत कर बंधक बना लिया और लाखों का माल लूट लिया। इसके अलावा भी तीन अन्य घरों में चोरी कर करीब चार लाख रुपये की नकदी और आभूषण चोरी कर ले गए। जिन तीन घरों में बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया, उन घरों के लोग छतों पर सो रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर जांच पड़ताल की लेकिन मंगलवार की शाम तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पुलिस को पीड़ितों ने बताया कि चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर गांव में राममूर्ति एक कमरे में सो रही थीं जबकि उनकी पुत्र वधू और पुत्री दूसरे कमरे में सो रही थीं। राममूर्ति का पुत्र प्रेमशंकर फौजी है, वर्तमान में उसकी तैनाती लुधियाना (पंजाब) में है। रात करीब ढाई बजे असलहे से लैस दो बदमाश दरवाजे की कुंडी तोड़कर राममूर्ति के कमरे में घुसे और संदूक खोलने लगे। आहट से राममूर्ति की नींद खुल गई। एक बदमाश ने राममूर्ति को तमंचा दिखाकर चुप रहने के लिए कहा। जबकि उसका साथी बदमाश ने दीवार में बनी तिजोरी का ताला तोड़कर अंदर रखे आभूषण के साथ 79 हजार रुपये की नकदी लूट ली। बदमाश जाने के दौरान महिला को कमरे में बंद कर उसे शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों के जाने के काफी देर बाद राममूर्ति ने अपनी पुत्रवधु और पुत्री को जगाया और उन्हें घटना की जानकारी। इस दौरान तीनों महिलाओं ने शोर माचाया। भोर में साढ़े तीन बजे के करीब शोर को सुनकर गांव में जाग हो गई। घटना से अवगत होने पर ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राममूर्ति के घर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस दौरान पता चला के गांव में अलग रह रहे राममूर्ति के छोटे बेटे कुंवरपाल सहित तीन अन्य के घरों में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बदमाश कुंवरपाल के घर से दस हजार रुपये नकद के साथ करीब एक लाख रुपये मूल्य के आभूषण चुराए।
घटना के समय कुंवरपाल परिवार के साथ छत पर सोया था। इसके अलावा बदमाश गांव निवासी किशन पाल के घर से बीस हजार रुपये नकद सहित एक लाख से अधिक मूल्य के आभूषण, और सतेंद्र के घर से भी बदमाश आभूषण के साथ करीब पचास हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं थी।