चंदौसी के देवी मोहल्ला में डाली जा रही इंटरलॉकिंग सड़क। संवाद
चंदौसी(संभल)। दिवाली से पहले सवा करोड़ रुपये की लागत से शहर की गली मोहल्लों की सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। सवा करोड़ की लागत से 23 मोहल्लों की नाली और इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण किया जाएगा। हालांकि निर्माण कार्य भी तेजी से शुरू हो गया है। दिवाली से पहले निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। नगर पालिका परिषद से मिली जानकारी के अनुसार 15वां वित्त आयोग अनटाइड ग्रांट के अंतर्गत शहर की 19 सड़कों और 15वां वित्त आयोग टाइड ग्रांट के अंतर्गत चार सड़कों का इंटरलॉकिंग से निर्माण कराया जाएगा। साथ ही नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा। कई जगह निर्माण कार्य शुरू हो गया है। गणेश कॉलोनी गली नंबर 10, मोहल्ला मोती समेत कई मोहल्लों में इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण तेजी से चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक नखासा में वेयर हाउस से कब्रिस्तान तक, जाहिद के मकान से छोटे के मकान तक और हरिओम के मकान से मस्जिद तक, मोहल्ला चुन्नी में बाबू के मकान से यशोदा लाल के मकान तक, सीकरी गेट में इब्बन के मकान से रफीक के मकान तक व यहीं साइड वाली गली में, करेली रोड पर भगवानदास के मकान से किशन के मकान तक, मोहल्ला देवी में कौशल चौधरी के मकान से बाबू ब्रजकिशोर के मकान तक, छोटेलाल कालोनी में रमाकांत वार्ष्णेय के मकान से राजेंद्र सिंह के मकान तक समेत मोहल्ला मारवाड़ी, पसरट्टा बाजार, आवास विकास कॉलोनी, मोहल्ला लोधियान, बिसौली गेट, मयूर बिहार कालोनी, बूढ़ी माता, सीता रोड मामा जनरल स्टोर, बड़ा महादेव, घटिया गेट, हनुमानगढ़ी में इंटरलॉकिंग सड़क के साथ नाली निर्माण होगा। वहीं सब्जी मंडी घंटाघर, गणेश काॅलोनी मेला ग्राउंड, मोहल्ला रायसत्ती, करेली रोड आदि चार सड़कों का सीसी निर्माण होगा।
शहर के गली मोहल्लों की सड़कों का इंटरलॉकिंग और सीसी निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही नालियों का निर्माण भी कराया जा रहा है। कार्य तेजी से चल रहा है। ताकि दिवाली के त्योहार से पहले सभी सड़कें बन कर तैयार हो जाएं।
धर्मराज राम, ईओ, चंदौसी