संभल। सड़कें खोदकर अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाने के बाद कार्यदायी संस्था ने गड्ढों को खुला छोड़ दिया है। जो हादसों का सबब बन रहे हैं। जबकि जिम्मेदार मौन हैं। कहा जाए तो पानी भी ग्रामीणों को मिला नहीं और मुसीबत अलग से झेलनी पड़ रही है। हालांकि जलनिगम के अधिकारियों का दावा है कि मरम्मत की जा रही है। कई जगह मरम्मत इसलिए नहीं की गई है क्योंकि वहां टेस्टिंग नहीं हुई है। अब सवाल उठता है कि टेस्टिंग में समय लग क्यों रहा है।
जिले में आठ ब्लॉक हैं। सभी ब्लॉक के ज्यादातर गांवों में जलनिगम का काम चल रहा है। इसमें कहीं तो पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है। और ज्यादातर गांवों में आपूर्ति शुरू होने की बात तो दूर है वहां ओवरहेड टैंक तक नहीं बना है। अब यह टैंक बनेगा और फिर आपूर्ति मिलेगी जबकि सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। अब बारिश के इस मौसम में यह खोदी गईं सड़कें ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत हैं। क्योंकि कीचड़ तो हो रही है साथ ही गड्ढे पानी से बड़े हो रहे हैं। इसमें बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग गिर रहे हैं। स्थिति यह बन गई है कि लोग घर से निकलने में अब डर रहे हैं। कई जगह पाइप लाइन बिछाने के बाद गड्ढों को सिर्फ मिट्टी डालकर पाट दिया गया है। इससे भी हादसों का खतरा बढ़ रहा है। जिले में कई गांव ऐसे हैं, जिन में दो वर्ष से अधिक का समय पाइपलाइन बिछाए हो गए हैं। गुन्नौर ब्लॉक के सिरौरा काजी, गंगावास और दौलतपुर गांव में भी सड़कों को पाइप लाइन डालने को बाद सही नहीं किया। अभी तक इन गांवों में ओवरहेड टैंक भी नहीं बनाए गए हैं।
जुनावई ब्लॉक
जुनावई के हरगोविंदपुर गांव में दो साल पहले पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोदी गईं। लेकिन आज तक पाइप लाइन नहीं डाली गई। जर्जर सड़कों की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। पुशावली गांव में अधिकांश सड़कें खराब पड़ी हैं। एक साल पहले पहले सीसी रोड को खोदकर पाइप लाइन डाली गई थी। सिकरौरा खादर गांव में डेढ़ साल पहले पाइप लाइन डाली गई। इसके बाद सड़कों को ऐसे ही छोड़ दिया गया।
बनियाखेड़ा ब्लॉक
बनियाखेड़ा के गांव अफजपुर डरौली में दो साल पहले अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाई गई। इसके बाद गड्ढे में सिर्फ मिट्टी डालकर पाट दिया। अब सड़कों की स्थिति यह हो गई है कि कीचड़ फैल रहा है। सीसी रोड के बीचोबीच घास जम आई है। अकरौली और बेहटा साहू गांव में भी गड्ढे खुले पड़े हुए हैं। इन गड्ढों को बंद कराने को लेकर किसी की ओर से कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई गई।
पवांसा ब्लॉक
पवांसा ब्लॉक के कई गांवों में पाइप लाइन तो बिछा दी गई है लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इसके चलते खोदी गई सड़क अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का बड़ा कारण हैं। ग्राम पंचायत सुधार कराने के लिए तैयार नहीं है और जलनिगम द्वारा सुधार कराया नहीं जा रहा है। पवांसा ब्लॉक के गांव धुरैटा, बबैना, सैंजना, बंजरपुरी, पवांसा, विक्रमपुर ताहरपुर, करीमपुर, करीमपुर घेर, मिलक धुरैटा, मुजफ्फरपुर, लहरा कमंगर, छछैरा समेत करीब 70 गांवों में यह स्थिति बनी हुई है।
बोले लोग
हमारे गांव में दो वर्ष पहले पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोदी गई, लेकिन आज तक पाइप लाइन नहीं बिछाई। गांव के सभी सड़कें खराब हो गई। बरसात में हालत ज्यादा खराब है। मनवीर सिंह, हरगोविंदपुर
दो वर्ष हो गए गांव में पाइप लाइन डाले हुए, अभी तक ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। सड़कें और खराब करके छोड़ दी। ग्रामीण हादसों का शिकार हो रहे हैं। -रजनेश कुमार, पुशावली
डेढ़ वर्ष पहले जलनिगम ने गांव में पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया था। मगर टंकी का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है। गांव के मुख्य मार्ग खोद कर डाल दिए। न पानी मिला है और न मरम्मत की गई है। जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। -वीरेश कुमार, गांव निबौरा
जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत गांव के मुख्य मार्ग को तोड़कर पाइपलाइन बढ़ा दी गई मगर मरम्मत का कार्य अभी तक नहीं किया गया है। जिससे तमाम कीचड़ और गंदगी फैली हुई है। टंकी का निर्माण भी अभी तक नहीं हुआ है। -धर्मवीर यादव, गांव विक्रमपुर तहरपुर
वर्जन
पत्राचार किया गया है। मरम्मत कराने की जिम्मेदारी जलनिगम की है। मरम्मत नहीं कराई गई है इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी चुकी है। -उपेंद्र कुमार पांडेय, डीपीआरओ, संभल
जहां काम पूरा हो गया है वहां सड़क की मरम्मत कराई जा रही है। और जो सड़क मरम्मत से बाकी हैं उनकी भी मरम्मत करा दी जाएगी। कई गांवों में इसलिए सड़क की मरम्मत नहीं कराई है, क्योंकि पानी की आपूर्ति की टेस्टिंग का काम नहीं हुआ है। टेस्टिंग का पूरा होते ही मरम्मत कराई जाएगी। -चंद्रहास सिंह, एक्सईएन, जलनिगम, संभल ग्रामीण क्षेत्र