बहजोई में एनएच पर पाठकपुर के निकट हुए हादसे के बाद रेस्क्यू करते जेसीबी व ग्रामीण।
- फोटो : CHANDAUSI
बहजोई। एनएच पर अनियंत्रित होकर सूजी से भरा एक कैंटर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस बीच क्लीनर क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह से फंस गया। जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर डायल 100 पुलिस और 108 नंबर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीन जेसीबी व ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद क्लीनर को केबिन से बाहर निकाला जा सका। क्लीनर के पैरों में चोट आई। आनन-फानन घायल क्लीनर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसा बुधवार की सुबह करीब पांच बजे हुआ।
बुधवार को सुबह पांच बजे करीब मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहजोई-पाठकपुर के बीच चंदौसी की ओर से बबराला की ओर जा रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। जिससे कैंटर क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके चलते जिला बरेली निवासी क्लीनर संदीप पुत्र वीरेंद्र बुरी तरह से क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया। इस बीच 2624 नंबर पीआरवी डायल 100 पुलिस व 108 नंबर एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। करीब दो घंटे से अधिक चले जेसीबी से रेस्क्यू के बाद घायल क्लीनर को केबिन से बाहर निकाला जा सका।
क्लीनर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। मौजूद लोगों ने बताया कि कैंटर का चालक हादसे के बाद मौके से भाग गया। कैंटर में सूजी भरी हुई थी। इस बीच गांव पाठकपुर निवासी नवीन यादव समेत धर्मेश और रमन पंडित समेत अन्य ग्रामीणों ने मदद की।