ओबरी। सदर तहसील क्षेत्र के गांव मुबारकपुर बंद में शनिवार को राजस्व टीम ने सार्वजनिक भूमि की पैमाइश की। इस दौरान सार्वजनिक भूमि पर बने मदरसा-मस्जिद समेत पांच भवनों को भी चिह्नित किया गया। हालांकि, मदरसा और मस्जिद को लोग खुद ही तोड़ रहे हैं। अभी पैमाइश पूरी नहीं हुई है। पैमाइश पूरी होने के बाद उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
संभल जिले के मुबारकपुर बंद गांव में सार्वजनिक भूमि के गाटा संख्या 623 रकबा 0.112 हेक्टेयर पर खाद के गड्ढे और गाटा संख्या 630 रकबा 0.126 हेक्टेयर पर अवैध कब्जा करके मदरसा गोसुल उलूम, पांच दुकानें और मदरसे वाली मस्जिद के अलावा एक मकान आदि बनाने का मामला सामने आया है। इस शिकायत के बाद टीम बनाई गई। यही टीम शनिवार को मौके पर गई। मस्जिद और मदरसे की मापतौल किए जाने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी तो पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से असमोली पुलिस भी तैनात रही। राजस्व विभाग की टीम ने शिकायत पर श्मशान घाट को जाने वाले रास्ते की भी नापतौल की, लेकिन मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गांव में मस्जिद, मदरसे और दुकानें आदि की पैमाइश की गई। पैमाइश अभी पूरी नहीं हुई है। वहीं, सार्वजनिक भूमि पर धर्म स्थल होने की जानकारी के बाद लोग खुद ही इन्हें तोड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार और शुक्रवार तक दो दिन में मस्जिद और मदरसे के परिसर में लगे हैंडपंप और फर्श को ही उखाड़ा जा सका।