चंदौसी। रामबाग रोड स्थित अक्रूरजी पुरम कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित कॉलोनीवासी बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंचे और कोतवाली प्रभारी संत कुमार से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। उन्होंने कॉलोनी में पुलिस गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बृहस्पतिवार को अक्रूरजी पुरम कॉलोनी के दर्जनों लोग कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने कोतवाली प्रभारी संत कुमार को बताया कि पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूरी पर स्थित कॉलोनी में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अभी तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि पहली घटना 25 मई की है। कॉलोनी निवासी चंद्रहंस वार्ष्णेय के मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर बालकनी के रास्ते घर में घुसे और लॉकर तोड़कर करीब पौने तीन लाख रुपये की नकदी, लगभग एक किलो चांदी, दो सोने की अंगूठियां और बच्चे का सोने का कड़ा समेत करीब आठ लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसमें दो युवक चेहरे ढके हुए दिखाई दिए थे।
इसके बाद 28 मई की सुबह कॉलोनी में दूसरी चोरी की घटना सामने आई। पसरट्टा बाजार के लोहा व्यापारी नीरज अग्रवाल परिवार सहित उज्जैन गए हुए थे। उनके बंद मकान के मुख्य गेट का कुंडा काटकर चोर अंदर घुस गए। सुबह पड़ोसियों ने मकान की छत से पानी टपकता देखा तो घटना की जानकारी हुई।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि लगातार दो बड़ी चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी की बाउंड्रीवाल कम ऊंची होने के कारण बाहरी लोग आसानी से अंदर आ जाते हैं। बाउंड्रीवाल के पीछे पतरौआ और कैथल गांव की ओर से रात के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही भी बनी रहती है।
लोगों ने कॉलोनी में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, रात्रि निगरानी सख्त करने और दोनों चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
कोतवाली प्रभारी संत कुमार ने कॉलोनीवासियों को आश्वस्त किया कि पुलिस दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच कर रही है। गश्त बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
इस मौके पर मोहित अग्रवाल, विवेक मित्तल, पारस वार्ष्णेय, दीपक गोयल और सौरभ वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।