बहजोई। सादातबाड़ी मंदिर परिसर में पीएसी के जवानों से हाथापाई करने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पूरे मामले में आरोपी सगे भाइयों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।रविवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव सादातबाड़ी में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में मेला लग रहा था। श्रद्घालु प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर रहे थे।
वहीं मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व पीएसी कर्मियों की भी तैनाती थी। दोपहर बाद मंदिर परिसर में बाइक ले जाने को लेकर दो युवकों की पीएसी कर्मियों से कहासुनी हो गई। आसपास खड़े लोग कुछ समझ पाते। इस बीच युवकों व पीएसी कर्मियों में हाथापाई शुरू हो गई। कुछ देर बाद पास में ही ड्यूटी कर रहे दूसरे पुलिसकर्मी भी मौके पर आ गए। इसके बाद पुलिस युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पीएसी के जवानों के मुताबिक वह मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे।
दो युवक आए और बाइक को मंदिर परिसर में ले जाने लगे। इस पर युवकों को मंदिर परिसर में बाइक न ले जाने की बात कही, तो युवक गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते युवकों की ओर से अभद्रता करते हुए हाथापाई शुरू कर दी गई। प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां का कहना है कि पूरे मामले में दरोगा जयपाल सिंह की ओर से आरोपी सगे भाई शिवम व हरकिशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसमें दरोगा ने बताया कि गश्त के दौरान सामने आया कि बेरियर ड्यूटी पर तैनात पीएसी 47 बटालियन जी कंपनी गाजियाबाद के दो जवान विपिन व कुलदीप से मंदिर परिसर में बाइक ले जाने को लेकर दो युवक पीएसी कर्मियों से गाली-गलौज व हाथापाई कर रहे थे।