यूकेजी कक्षा के मासूम छात्र को पीटने के मामले में प्रबंधक और अध्यापक पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव करकौरा स्थित इंटर कालेज में मासूम छात्र के साथ मारपीट करने के मामले में प्रबंधक और अध्यापक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें पीड़ित परिवार ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया है। आरोपी प्रबंधक और अध्यापक भागे हुए हैं। पुलिस तलाश कर रही है। गुरुवार को दी गई तहरीर में गांव करकौरा निवासी एक व्यक्ति ने बताया है कि उसका छह वर्षीय बेटा गांव के राम शिव शांति इंटर कालेज में यूकेजी कक्षा का छात्र है।
बुधवार को वह विद्यालय गया था। वहां किसी बात को लेकर प्रबंधक और अध्यापक ने डंडे से मारपीट की। छुट्टी होने के बाद बच्चे को घर नहीं भेजा गया। जब बच्चे की तलाश में पहुंचे तो जानकारी होने से प्रबंधक ने मना कर दिया। जब कक्ष में तलाश की तो मासूम बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। इसकी शिकायत पत्नी ने प्रबंधक और अध्यापक से की तो उन्होंने जातिसूचक गालियां दी।
साथ ही कार्रवाई कराने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए विद्यालय प्रबंधक गांव करकौरा निवासी महेश और बुलंदशहर के कस्बा अनूपशहर निवासी नवनीत के खिलाफ मारपीट करने और जातिसूचक गालियां देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी है लेकिन वह भागे हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।