संभल। शौचालयों के नाम पर धांधली और गबन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सख्त कार्रवाई नहीं होने के चलते धांधली थमने का नाम नहीं ले रही। इसी क्रम में सौंधन मोहम्मदपुर व खिरनी मोहिद्दीनपुर में धांधली पकड़ी गई है। सहायक विकास अधिकारी की तहरीर के आधार पर के दोनों ग्राम पंचायत के प्रधान व ग्राम सचिवों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आरोप है कि इन्होंने शासकीय धन का गबन किया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शनिवार को सहायक विकास अधिकारी पंचायत कपिल देव के द्वार दी गई तहरीर के आधार पर दर्ज रिपोर्ट में गांव सौंधन मोहम्मदपुर के ग्राम पंचायत सचिव अवनीश उपाध्याय और ग्राम प्रधान किताब श्री पर आरोप है कि दस व्यक्तिगत शौचालयों की 1.20 लाख रकम निकाल ली लेकिन शौचालयों का निर्माण नहीं कराया। इससे शासकीय धन का दुरुपयोग किया गया।
शासकीय धन का गबन मानते हुए रिपोर्ट दर्ज हुई है। वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम पंचायत खिरनी मोहिद्दीनपुर के ग्राम पंचायत सचिव अबरार अहमद और ग्राम प्रधान मालदेई के खिलाफ कराई गई है। इन पर आरोप है कि इन्होंने 34 शौचालय की धनराशि निकाल ली और निर्माण कार्य नहीं कराया। इससे शासकीय धन 4.08 लाख का गबन हुआ। ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव को आरोपी बनाया गया है। दोनों ग्राम पंचायतों में हुई घपलेबाजी के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है। हयातनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।