अल्पसंख्यक वर्ग के वजीफा को फर्जीवाड़ा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई का शिकंजा कसा जाएगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने हयात नगर की गणपति इंडस्टि्रयल ट्रेनिंग के खिलाफ थाने में रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है।
संभल जिले में पांच संस्थाएं बिना मान्यता के संगीत एवं तकनीक की शिक्षा दे रही थी। इन संस्थाओं ने पंजीकृत छात्र-छात्राओं के नाम पर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति निकाली है। मामला तब खुला जब जनपद में संचालित संस्थाओं के बारे में उप निदेशक इलाहाबाद ने जांच की।
जांच में पांच संस्थाएं ऐसी पाईं गईं जो प्रयाग संगीत इलाहाबाद से संबद्ध नहीं थीं और उसके नाम पर कोर्स चला रहीं थीं। इन संस्थाओं पर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने कार्रवाई का निर्णय लिया है।
इसके बाद निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने जिलाधिकारी अमरोहा, संभल और मुरादाबाद को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं। क्योंकि मंडल की कुल दस संस्थाएं थीं जिसमें पांच संभल की थीं। संभल की पांच संस्थाओं में से एक संस्था के खिलाफ रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दर्ज रिपोर्ट के वादी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हेमराज सिंह हैं। हेमराज सिंह ने जांच रिपोर्ट का हवाला देकर 16 मई को पुलिस अधीक्षक संभल को पत्र भेजा था। इस पत्र के आधार पर एसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे।
हयातनगर के थाना प्रभारी ने इसी आदेश के क्रम में गबन और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हेमराज सिंह ने कहा कि विभाग पुलिस को सहयोग देने के लिए तैयार है।