संभल। कैला देवी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि इन्होंने महिला के घर में घुसकर छेड़खानी की। पुलिस को तहरीर दी गई पर कार्रवाई नहीं हो सकी।
बता दें कि कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सिहावली निवासी एक व्यक्ति ने गांव निवासी महिला से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। उधार के रुपये वापस लेने गई तो कहासुनी हो गई। महिला ने मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उधार के रुपये नहीं देने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया और थाने बैठा लिया। इस मामले में गांव में ही एक व्यक्ति के घर पंचायत कराई गई। जिसमें तय हुआ कि रुपये ब्याज समेत दिए जाएंगे। साथ ही महिला व्यक्ति को दो चप्पल और उसकी बहन को दो थप्पड़ मारेगी। पंचायत ने इस फैसले पर मोहर लगा दी। इसके बाद उधार लिए पांच हजार रुपये ब्याज सहित साढ़े पांच हजार करके लौटाए। महिला ने पहले व्यक्ति को दो चप्पल मारी और उसके बाद उसकी बहन को दो थप्पड़ मारे गए। यह अमानवीय फैसला पंचायत ने किया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। लेकिन अब न्यायालय के आदेश पर सत्यपाल, प्रेमशंकर सैनी, विनीत और रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।