धनारी। डीफार्मा के छात्र बबराला निवासी अनमोल चौहान (18) पुत्र धर्मवीर सिंह चौहान की हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
धनारी थाना क्षेत्र के गांव भागनगर में सोमवार की दोपहर अनमोल चौहान का शव शीशम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला था। युवक के शव के पास एक बैग मिला था। जिसमें डीफार्मा संबंधी किताबें थी। साथ ही मोबाइल फ्लाइट मोड पर लगा हुआ था। पीड़ित पिता ने हत्या का अंदेशा जताया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या किए जाने का खुलासा भी हो गया। पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनके बेटे अनमोल की किसी ने हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए पेड़ से शव को लटका दिया। जिससे हत्या को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। थाना प्रभारी पुष्कर मेहरा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।