चंदौसी। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा जनेटा के पूर्व शाखा प्रबंधक समेत तीन लोगों पर चार करोड़ से अधिक की धनराशि गबन करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वर्तमान शाखा प्रबंधक की ओर से रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा जनेटा के शाखा प्रबंधक विजय सिंह निवासी मोहल्ला सेमरटोला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शाखा जनेटा के शाखा अधिकारी अब्दुल अहद से एक आवेदन पास हुआ। जिसमें बताया गया गया कि पूर्व शाखा प्रबंधक शिवेंद्र पाल सिंह द्वारा कुछ अनधिकृत लेनदेन किए जा रहे थे तथा क्रेडिट प्रविष्टियों को बाहरी व्यक्तियों के खातों में स्थानांतरित किया गया। जिसके बाद उक्त धनराशि को यूपीआई/नेफ्ट के माध्यम से आगे ट्रांसफर कर दिया गया।
इसके बाद बैंक द्वारा जांच की गई, जिसमें यह पाया गया कि विभिन्न खातों में कुल 90 अनाधिकृत लेनदेन किए गए, जिनकी कुल राशि 4, 28, 683.21 रुपये है। ये सभी लेन-देन शिवेंद्र पाल सिंह के फाइनेंशियल आईडी का उपयोग करके 24 मई 2024 से 03 नवंबर 2025 के मध्य किए गए। इनमें से 83 लेन-देन के संबंध में कोई बाउचर उपलब्ध नहीं है। उक्त 90 लेन-देन में से 73 प्रविष्टियों की कुल राशि 2,88,829.83 रुपये मोहम्मद आदिल के बचत खाते में जमा की गई। इसी क्रम में 6 प्रविष्टियों की कुल राशि 61,550 रुपये मोहम्मद सादिक के खाते में, 5 प्रविष्टियों की कुल राशि 7,803,38 रुपये सरफराज के बचत खाते में जमा की गई, जो राशि अभी भी खाते में उपलब्ध है। 6 प्रविष्टियों, कुल राशि 70,500 शिवेंद्र पाल सिंह द्वारा नकद आहरित की गई। कुल धोखाधड़ी की राशि 4,28,683.21 है, जिसमें से 7,803.38 की राशि सरफराज के खाते से अभी तक निकाली नहीं गई है। मोहम्मद आदिल एवं मोहम्मद सादिक के खातों में स्थानांतरित की गई राशि को बाद में कई संदिग्ध डेबिट प्रविष्टियों के माध्यम से अन्यत्र भेज दिया गया। इनमें से कई प्रविष्टियों में शिवेंद्र नाम भी अंकित है, जिससे आपसी मिलीभगत की संभावना स्पष्ट होती है। पूर्व शाखा प्रबंधक शिवेंद्र पाल सिंह द्वारा मोहम्मद आदिल एवं मोहम्मद सादिक के साथ मिलकर किया गया यह कृत्य न केवल बैंक को आर्थिक हानि पहुंचाने वाला है, बल्कि इससे बैंक की साख को भी गंभीर क्षति हुई है तथा ग्राहकों का विश्वास भी प्रभावित हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पूर्व शाखा प्रबंधक शिवेंद्र पाल सिंह, मो. आदिल, मो. सादिक पता अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि शाखा प्रबंधक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।