संभल। वर्षों पहले सोत नदी पर निर्माण हुए पुल की मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसलिए यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। संभल से मुरादाबाद मार्ग पर गांव फिरोजपुर के नजदीक सोत नदी पुल की संभल से मुरादाबाद जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया है। मुरादाबाद-संभल लेन से ही दोनों ओर का ट्रैफिक गुजारा जा रहा है। वहीं संभल-चंदौसी रोड पर गांव भवानीपुर में सोत नदी पर बने पुल की एक लेन मरम्मत की जा रही है। उसके बराबर वाली लेन को खोल रखा है। लोकनिर्माण विभाग द्वारा पुल की मरम्मत कराई जा रही है। लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन ने बताया कि यह मरम्मत तीन से चार वर्ष में तब कराई जाती है जब पुल को जोड़ने वाली सड़क में पेंच नीचा हो जाता है और वाहन जंप करने लगते हैं। यह रूटीन प्रक्रिया है। कार्य लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही यातायात सुचारू करा दिया जाएगा।