चंदौसी। नगर पालिका में तमाम शिकायतों के बाद भी सड़क के गड्ढे को नहीं भरा गया। इसके बाद दुकानदार शमशाद ने खुद ही सीमेंट और बजरी की व्यवस्था कर राजमिस्त्री से सड़क के गड्ढे को पटवा दिया। चंदौसी नगर पालिका क्षेत्र के जारई गेट तिराहे पर बीते दिनों जलनिगम ने लीकेज सही करने को गड्ढा खोदा था। लीकेज सही करने के बाद गड्ढा भरने के नाम पर खाना पूर्ति की गई। जिसकी वजह से लोग परेशान हो रहे थे। कई बाइक सवार इस गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। कई बार लोगों ने गड्ढे भरने के लिए नगर पालिका को शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रविवार की रात को फल विक्रेता शमशाद ने बजरी और सीमेंट मंगवा कर एकत्र लिया और राजमिस्त्री को किराये पर बुलवाया। स्वयं राजमिस्त्री के साथ लगकर जारई गेट तिराहे पर दुकान के आगे बने गड्ढों को पहले ईंट रोडे से भरवाया, बाद में ऊपर से सीमेंट, बजरी, बजरपुर का प्लास्टर करा दिया। शमशाद ने बताया कि उसकी दुकान के सामने कई दिनों से गड्ढा था। जिससे लोगों आवागमन में दिक्कत हो रही थी। वहीं दुकानदार की गड्ढा भरने की वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।