चंदौसी। बिजली विभाग के मुख्य अभियंता आरके बंसल ने रविवार को तहसील सभागार में बकाया बिल वसूली व संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित बैठक ली। साथ ही तहसील स्थित सब स्टेशन का निरीक्षण किया।
चंदौसी तहसील सभागार में मुख्य अभियंता आरके बंसल की अध्यक्षता में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें जनपद के समस्त उपखंड अधिकारी व अवर अभियंता बैठक में उपस्थित रहे। मुख्य अभियंता ने उपखंड अधिकारियों से एक-एक करके बिल वसूली की समीक्षा की। साथ ही पांच किलो वाट से ऊपर के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं व वाणिज्यिक उपभोक्ताओं से शत प्रतिशत वसूली प्रत्येक माह करने के निर्देश दिए। विद्युत चोरी रोकने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। कहा कि अपने अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाएं। उन्होंने सब स्टेशन पर आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के आदेश दिए।
साथ ही अनुरक्षण सप्ताह की प्रगति की जानकारी के लिए वह तहसील के सब स्टेशन पर निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सभी अवर अभियंताओं को आदेश किए कि गर्मियों से पहले ही अपने अपने क्षेत्र के विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मर आदि को चेक कर लें, ताकि आगामी समय में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलती रहे। इस दौरान एक्सईएन चंदौसी एके पांडेय, एक्सईएन बबराला अवधेश कुमार, एक्सईएन संभल नवीन कुमार, एक्सईएन मीटर विभाग विजय यादव आदि रहे।