चंदौसी। राष्ट्रीय किसान संघर्ष समिति की ओर से एक बैठक का आयोजन गांव असालतपुर जारई में किया गया। जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों पर किसानों की अनदेखी करने के आरोप लगाए गए। बैठक की शुरूआत में समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। अगर प्रशासन का ऐसा ही रवैया रहा, तो जल्द ही भविष्य में संगठन द्वारा एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि चंदौसी -शाहबाद रोड पर गांव असालतपुर जारई से करीब दो किलोमीटर आगे पांच मीटर चौड़ा चौड़ा कच्चा रास्ता बनियाठेर के मुरादाबाद हाइवे पर जाकर जुड़ रहा है। इस मार्ग पर पीडब्लूडी द्वारा फोर-लाइन पक्की सड़क बननी प्रस्तावित है। पीडब्लूडी द्वारा कच्चे रास्ते के बीच को केंद्र बिंदु मानकर दोनों तरफ की भूमि को बराबर-बराबर नापनी चाहिए लेकिन निजी स्वार्थ के चलते पीडब्लूडी के अधिकारी हिंदुस्तान इंडस्ट्रीज प्लेज पार्क के स्वामी के साथ मिलीभगत करके एक तरफ की भूमि फोर लेन सड़क में ले रहे हैं। क्योंकि हिंदुस्तान इंडस्ट्रीज प्लेज पार्क के स्वामी की ओर से अपने खेतों में प्लॉटिंग की जा रही है। इससे किसानों में आक्रोश है।
बताया कि जब तक कच्ची सड़क के बीच में केंद्र बिंदू न मानकर सड़क नापी जाएगी, तब तक किसान विरोध करते रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में किसानों ने पंचायत में अपनी आगे की रणनीति तैयार कर ली है। जिसमें बहुत ही जल्द मंडल आयुक्त मुरादाबाद को किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल ज्ञापन सौंपेगा। अध्यक्षता वीरेंद्र तोमर और संचालन पप्पू तोमर ने किया। इस मौके पर राहुल कश्यप, शानू शर्मा, अमर पाल सिंह, मनोज तोमर, सुदेश तोमर, चीनू जैन, रामपाल, करन सिंह, प्रतिपाल आदि किसान मौजूद रहे।