कुतुबपुरसत्ता में स्टाक गायब होने की शिकायत पर 25 जुलाई को राशन के कोटेदार गुफरान की दुकान सील की गई थी। कोटेदार ने बुधवार को रात्रि में एक बजे के करीब कूमल लगाकर स्टाक पूरा करने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। गांव में फायरिंग हुई। हंगामे भरा माहौल रहा जिसमें प्रधान ने कोटेदार समेत सात लोगों को नामजद किया है।
बुधवार की रात्रि में कोटेदार ने दो ट्रैक्टर ट्राली में 60 कट्टे गेहूं कहीं और से मंगवाया था। ट्रैक्टरों को मय ट्राली के कच्चे रास्तों से गांव के अंदर तक लाया गया और घर के पीछे के हिस्से में जहां पर खेत हैं, इन ट्रैक्टर ट्रालियों को खड़ा करा दिया गया। गांव वालों ने बताया कि यदि यह कोटेदार घर के सामने स्थित सड़क से ट्रैक्टर ट्राली में गेहूं लेकर पहुंचता तो गांव वाले उसे घेर सकते थे। इसलिए कोटेदार ने खेतों वाला रास्ता अपनाया।
अपने ही घर के पीछे वाली दीवार में कूमल लगवाया। इसके बाद कूमल के रास्ते से 9 कट्टे घर के अंदर कर लिए। 50-50 किलोग्राम के गेहूं के 51 कट्टे बाहर रह गए। तभी गांव के लोगों को आहट हो गई। उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया। कोटेदार का विरोध कर दिया। गांव में शोर शराबा और हंगामा खड़ा हो गया। टकराव का माहौल बन गया। गांव के लोगों को एकत्र होते देख दोनों ट्रैक्टर ट्रालियों को रवाना करा दिया।
इस दौरान जब गांव के लोग पीछा करने लगे तो उन पर फायर किए गए। गांव के लोगों के मुताबिक पांच छह फायर हुए हैं। गांव के लोगों का आरोप तो यहां तक है कि जाते- जाते ट्रैक्टरों से फायर किए गए हैं। रात्रि में ही पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत किया। कोटेदार को तलाशा लेकिन वह हाथ नहीं आया। कूमल लगे होने की स्थिति तो पुलिस ने देखा है। पुलिस ने मौके पर 51 कट्टे गेहूं बरामद किया है। असमोली के थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया ग्राम प्रधान रविंद्र कुमार ने कोटेदार गुफरान समेत सात लोगों को नामजद किया है। नामजद लोगों में फुरकान, इरफान, फरमान, हनीफ, याकूब तथा कुछ लोग अज्ञात हैं।