गांव मोहम्मदपुर मालिनी में कैंसर से लगातार हो रही मौतों से दहशत है। ढाई वर्ष के भीतर एक-एक करके नौ लोगों की मौत हो चुकी हैं। बीते 22 दिनों में दो लोग जान गवां चुके हैं। गांव वालों का कहना है कि आधे गांव में फैक्ट्रियों से निकला दूषित पानी आता है। कैंसर की प्राथमिक जांच के लिए सरकार कोई टीम भेज दे तो पता लग सकता है कि कौन-कौन और कैंसर की जद में है।
गांव में कैंसर सबसे पहली मौत हाजी की ढाई वर्ष पहले हुई थी। इसके बाद भूरे दूधिया को कैंसर हुआ। गांव के लोगों कहना है कि कैंसर का भी पता तब लगता है जब उसकी अंतिम स्टेज होती है। आमतौर पर दो से ढाई महीने उपचार करा पाते हैं और तब तक कैंसर पीड़ित दम तोड़ देता है। अभी तक यह पता नहीं लग सका है कि आखिर इस गांव में एक- एक करके कैंसर के मरीज क्यों बढ़ रहे हैं।
जुलाई में हाजी नत्थू (55 वर्ष) की मौत हुई। एक महीने पहले यह बीमार हुए। दस बारह दिन पहले इन्हें कैंसर होने की जानकारी हुई तत्काल टीएमयू में दिखाया। वहां से दिल्ली ले गए पर हाजी नत्थू को बचाया नहीं जा सका। करीब 20 दिन पहले जैतून नामक महिला की भी कैंसर से जान चली गई।