इलाज के लिए क्लीनिक पर पहुंची 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ झोलाछाप ने रेप किया गया। छात्रा के परिजन घटना के सात दिन बाद थाने पहुंचे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद झोलाछाप को अरेस्ट कर लिया है।
नखासा थाना क्षेत्र के एक गांव में ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा की 30 अप्रैल को तबियत खराब हो गई। उसके पेट में दर्द था। वह गांव में ही अपना उपचार कराने के लिए एक झोलाछाप के क्लीनिक पर गई। वहां झोलाछाप ने कहा कि इंजेक्शन लगाने पर जल्दी फायदा होगा। आरोप है कि इसके बाद झोलाछाप ने छात्रा को इंजेक्शन लगाया, वह बेहोश हो गई तो उसके साथ रेप किया।
इसके बाद झोलाछाप क्लीनिक छोड़कर भाग गया। जब काफी देर तक छात्रा घर नहीं पहुंची, तो उसकी बहन क्लीनिक पहुंची। छात्रा को लेकर वह घर आई। घर आकर छात्रा ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने झोलाछाप को तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। रविवार को घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी गई।
थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि झोलाछाप के खिलाफ नाबालिग का शारीरिक शोषण करने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसे अरेस्ट कर लिया है। उसका चालान किया जा रहा है। हालांकि झोलाछाप ने ऐसे कृत्य सेे इनकार किया है, लेकिन तहरीर के हिसाब से मामला दर्ज किया गया है। सीओ बीपी सिंह बालियान ने बताया कि थाना प्रभारी को रेप की घटना में कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा है।