पवांसा ब्लॉक परिसर में मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठकर नारेबाजी करते राष्ट्रीय किसान
सरायतरीन। किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग के लिए सोमवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने पवांसा ब्लॉक परिसर में धरना दिया। किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने से नाराज पदाधिकारियों ने धरने को बेमियादी करने का निर्णय लिया। जल्द ही तीन सूत्री मांगों का समाधान करने की मांग उठाई।
सोमवार को जिलाध्यक्ष कुलदीप चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारी सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी अधिकारी के कार्यालय पर कार्यालय आए। छह घंटे बीत जाने के बाद भी कोई भी विभागीय अधिकारी धरनास्थल पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज पदाधिकारियों ने आंदोलन को बड़े स्तर पर किए जाने की चेतावनी दी है। कुलदीप चौधरी ने बताया कि पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव कासमपुर सहकारी समिति क्षेत्र के किसानों की तीन सूत्री मांगों की समस्या बीते एक महीने से चल रही है।
आरोप लगाया कि किसानों के क्रेडिट कार्ड बिना सुविधा शुल्क के नहीं बन रहे हैं। किसानों से वसूली की जा रही है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान कमल सिंह, कल्लू, रनवीर सिंह, ऋषिपाल सिंह, चरन सिंह, नूर हसन, शमशेर, कल्लू सिंह, मनवीर सिंह आदि रहे।