संभल के मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा में जलभराव से परेशान लोग ट्यूब पर बैठकर घरों से सामान लेने जा रहे
- फोटो : SAMBHAL
संभल। नगर के मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा में जलभराव ने भारी समस्या पैदा कर दी है। लोग घरों में कैद हो गए हैं। घरेलू सामान लेने के लिए भी ट्यूब के सहारे बैठकर जा रहे हैं। पीने को पानी नहीं हैं और आने जाने के रास्ते गुुम हो चुके हैं। बच्चे भी विद्यालय नहीं जा रहे।
लोगों में नगर पालिका के प्रति रोष है। इसी क्रम में विरोध प्रदर्शन किया है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा में जलभराव काफी हो गया है। घरों के चारो और पानी ही पानी है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते पूरे मोहल्ले में जलभराव हो चुका है।
घर गिरने का खतरा सता रहा है। तो वहीं अब पीने के लिए स्वच्छ पानी तक नहीं हैं। आने जाने के लिए ट्यूब पर बैठकर बाजारो के लिए जा रहे हैं। आवारा जानवरो की मौत हो गई है। कई कुत्तो के मरने के बाद दुर्गंध ही दुर्गंध है। इसी क्रम में दर्जनभर लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।