संभल। अचानक आई काली घटाएं और तेज बारिश ने नगर पालिका की व्यवस्था सामने लाकर रख दी। जगह जगह जलभराव हो गया और शहर जलमग्न लगने लगा। इससे तमाम लोगों को परेशानी हुई। जिला अस्पताल परिसर तालाब की तरह दिखाई दिया। मरीज, तिमारदार और स्वास्थ्य कर्मी पानी से होकर ही गुजरे। यह बारिश गुरुवार की सुबह करीब ग्यारह बजे शुरू हुई। आधा घंटा झमाझम बारिश होने के साथ ही शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया।
देहली दरवाजा, नखासा थाना रोड, चौधरी सराय में जलभराव हो गया। जलभराव खत्म होने में करीब एक घंटे का समय लगा। आधे घंटे की बारिश के बाद एक घंटे में जलभराव खत्म हो सका। इस जलभराव से सवाल यह उठता है कि यदि पूरे दिन बारिश हुई तो शहर के हालात कैसे नजर आएंगे। नालों की सफाई व्यवस्था पर लोग सवाल उठा रहे हैं। नगर पालिका का दावा है कि नाले साफ हैं लेकिन जलनिकासी कहीं न कहीं बाधित है। जलनिकासी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं इस बारिश से सिरसी में नगर पंचायत कार्यालय के निकट भी जलभराव नजर आया। ऐसा ही हाल ग्रामीण इलाके में दिखाई दिया।