ओबरी। असमोली ब्लॉक के शहबाजपुर कलां गांव स्थित निजी दुकान पर बुधवार को पुलिस ने छापा मारा तो मक्का, गेहूं और चावल का भारी स्टॉक बरामद किया है। मौके से एक कांटा भी मिला। तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गई। ग्राम
बुधवार को गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर डीलर द्वारा कार्ड धारकों को राशन वितरण किया जा रहा था। उसी दौरान कुछ ही कदम की दूरी पर स्थित एक निजी परचून की दुकान पर बोरियों में राशन उतरता देख ग्रामीणों को शक हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर द्वारा वितरण के दौरान ही गल्ला कम तौल कर या कार्ड धारकों को लौटाकर सीधे निजी दुकान पर पहुंचाया जा रहा था, जहां उसे खरीदारी के नाम पर जमा कर ऊंचे दाम पर बेचने की तैयारी थी। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। सूचना पर असमोली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
असमोली इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि निजी दुकान से भारी मात्रा में खाद्यान्न बरामद हुआ है। यह खाद्यान्न सरकारी है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पूर्ति विभाग को भी सूचना दी गई है। यदि जांच में पुष्टि होती है कि कोटेदार या किसी जिम्मेदार ने सरकारी गल्ला बेचा है तो मुकदमा दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और कोटे को निरस्त करने की संस्तुति भी भेजी जाएगी।
ग्रामीण बोले- नहीं मिल रहा पूरा राशन
गांव में घटना के बाद कार्ड धारकों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें कई महीनों से पूरा राशन नहीं मिल रहा था, कभी अंगूठा लगवाकर राशन बाद में देने की बात कही जाती थी। अब छापे के बाद शक सही साबित हुआ है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ रासुका तक की कार्रवाई की मांग की है।