संभल/गवां। गुन्नौर तहसील के गांव परतापुर में 70 लोग कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में होने की बात सामने आई है। 53 लोग क्वारंटीन किए गए हैं। अन्य 17 लोग स्वास्थ्य विभाग की टीम को नहीं मिल पाए। शनिवार को गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम 53 ग्रामीणों को बबराला के यारा वेरा फर्टिलाइजर विलेज में बने क्वारंटीन केंद्र ले गई। इन लोगों की कोरोना जांच की जाएगी। यह सभी लोग कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में रहे।
मालूम हो गांव परतापुर निवासी एक व्यक्ति 13 मई को कोरोना संक्रमित मिला था। यह व्यक्ति दिल्ली की आजादपुर मंडी में फल सब्जी बेचने का काम करता था। पहली मई गांव ग्रामीण गांव आ गया। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को हुई तो क्वारंटीन केंद्र ले जाया गया।
साथ ही कोरोना की जांच कराई। जिसमें संक्रमित होने की पुष्टि हुई। अब इस मरीज के संपर्क में रहे लोगों को क्वारंटीन किया गया है। जो लोग रह गए हैं उनकी तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि संक्रमित होने की पुष्टि दस दिनों पहले हुई थी। संपर्क में आने वाले लोगों को अब क्वारंटीन किया गया है। यदि इन लोगों के संपर्क में कोई अन्य ग्रामीण आया होगा तो वह भी कोरोना की जद में आ सकता है।