बहजोई(संभल)। कलक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव की प्रक्रियाओं समेत शिकायतों व सुझावों को लेकर डीएम ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि चार दिसंबर तक एसआईआर का कार्य खत्म होने के बाद नौ दिसंबर को मतदाता सूचियों का प्रकाशन होगा।
डीएम ने बताया कि मतदाताओं को बेहतर अनुभव प्रदान करने व सुगमता बढ़ाने के लिए एक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की सीमा तय की गई है। जिन मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, वहां पर नया मतदेय स्थल बनाया जाएगा। एडीएम ने बताया कि जिले में 1862 मतदेय स्थल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि सात केंद्रों में दो चंदौसी, दो संभल व तीन गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का कार्य 4 दिसंबर तक चलाया जाएगा। उसके बाद 9 दिसंबर को मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि अगर कोई बीएलओ क्षेत्र में नहीं जा रहा है तो उसके विषय में बताएं, ताकि उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। कहा कि किसी भी मतदाता का गलत तरीके से नाम नहीं हटाया जाएगा और न ही जोड़ा जाएगा। बैठक में सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, राज्यमंत्री गुलाब देवी के प्रतिनिधि चंद्रसेन दिवाकर, भाजपा जिला महामंत्री कमल कुमार कमल, सपा जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधार, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहम्मद आरिफ व बसपा विधानसभा अध्यक्ष सुभाष खागी समेत जिले भर के अधिकारी रहे।