कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों के क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा की गई। पिछली बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए मुद्दों की कार्रवाई पर भी चर्चा की गई।
संभल के विधायक इकबाल महमूद ने विद्युत विभाग से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की। इसमें एक्सईएन विद्युत ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। एबी केबल की लाइन खींची जा रही है। संभल और इसके आसपास की बस्तियों में विद्युतीकरण को लेकर जानकारी दी। विधायक ने जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था के सुधार के लिए कहा। डीएम ने निर्देश दिए हैं। इसी तरह अवैध अस्पताल जो बंद कर दिए गए हैं उनका समय समय पर सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं।
एमएलसी के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि कुछ आशा वर्कर द्वारा निजी व अवैध अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को भेजा जाता है। इस पर डीएम ने संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसी आशा वर्कर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी यादव ने मड़कावली और रीठ पर बिजलीघर के बिंदू को रखा गया। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी ने कहा कि शासन द्वारा पूरा प्रयास किया जा रहा है कि जन जन को लाभ मिले। जो बातें जनप्रतिनिधियों ने रखीं हैं उनको प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाना चाहिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, एडीएम प्रदीप वर्मा, सीएमओ डॉ. तरुण पाठक, बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम आदि मौजूद रहे।