चंदौसी। कड़ी सुरक्षा और सभ्रांत लोगों के अमन चैन को कायम रखने के दावों के बीच शुक्रवार को अपराह्न ढाई बजे के बाद सांप्रदायिक सौहार्द्र के लिए जाने वाले शहर चंदौसी का मिजाज गर्म हो गया। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उतरे हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिंदुस्तान जिंदाबाद व नरेंद्र मोदी से आजादी के नारे लगाते हुए जुलूस निकाला। पुलिस ने किसी तरह लोगों को उनके घरों को भेजने की कोशिश की, लेकिन अचानक भीड़ ने मुरादाबाद गेट पर पुलिस पर पथराव कर दिया तो हुसैनी बाजार में भड़के लोगों ने कैनरा बैंक के सामने खड़ी दो गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी तो एक मकान के शीशे तोड़ दिए। पुलिस को आंसू गैस के छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया। तो कुछ ही देर में भीड़ ने जारई गेट तिराहे पर एक सब्जी दुकान का ठेला जला दिया। सीकरी गेट पुलिस चौकी पर पथराव कर वहां खड़ी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए तो एक लैपर्ड बाइक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस को फायरिंग कर उपद्रवियों को खदेड़ना पड़ा। शहर में खलबली मच गई। दहशत का माहौल हो गया। शहर का पूरा बाजार आनन फानन में बंद हो गया। करीब दो घंटे तक शहर में टुकड़ों में बंटे युवा जहां तहां से पथराव करती रही।