संभल में चंदौसी चौराहा पर पुलिस ने जब खदेड़ा तो इस तरह मची भगदड़।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दूसरे दिन भी संभल में बवाल हुआ। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और आगजनी की। भीड़ ने तीन बसें और दो कारों में तोड़फोड़ की। वहीं, दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी तौर पर लाठियां भांजी। इससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। भीड़ ने पुलिस को काफी खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवियों के सामने कामयाब नहीं हो सकी। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद उपद्रवियों की भीड़ को पीछे हटाया जा सका।
शुक्रवार की दोपहर 2.50 बजे संभल के चंदौसी चौराहे पर कई मोहल्लों से आई सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। एनआरसी और सीएए के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया। साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू की। कुछ ही मिनटों में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। आला अधिकारियों ने नारेबाजी कर रही भीड़ को दस मिनट का समय घरों को वापस जाने के लिए दिया, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस और प्रशासन की एक न सुनी। मजबूरन पुलिस ने भीड़ को हटाना शुरू किया। इसी दौरान पथराव शुरू हो गया, जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस और उपद्रवियों के बीच करीब एक घंटे तक पथराव हुआ। इस दौरान शरारती तत्वों ने मुरादाबाद मार्ग पर खड़ीं तीन निजी बसों और दो कार में तोड़फोड़ की। शंकर चौराहे पर दो बाइकों में आग लगा दी। पुलिस ने बाइकों की आग को दमकल के जरिये काबू किया। दरअसल सैकड़ों की तादात में यह भीड़ शुक्रवार को जुमा नमाज के बाद चंदौसी चौराहे पर एकत्र हुई। इस भीड़ में ज्यादातर युवा और किशोर थे, जिनका नेतृत्व अधेड़ कर रहे थे। भीड़ हिंदुस्तान जिंदाबाद और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी। इस बवाल में कई पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। हालांकि संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है।