चंदौसी के मोती में जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम व प्रशासन।
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। मोहल्ला मोती में संक्रमित के पड़ोसियों ने कोरोना की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को सैंपल देने से इंकार कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम को देख लोग घरों में ताले लगाकर फरार हो गए। सूचना पर नायब तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और अधिकारी चिह्नित 50 पड़ोसियों में से मात्र 13 के ही सैंपल करा पाए। अन्य के घर पर ताले लगे थे। वहीं मोहल्ला कागजी में भी विरोध के बाद सैंपल लिया जा सका।
नगर के मोहल्ला मोती निवासी 30 वर्षीय महिला 30 अगस्त को कोरोना संक्रमित मिली थी। उन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया था। साथ ही उनके संपर्क के 50 लोगों को कोरोना की जांच के लिए चिह्नित किया था। बुधवार को डा. दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग सैंपल लेने मोहल्ला मोती पहुंची। उन्होंने सूची में शामिल लोगों से सैंपल देने को कहा तो लोगों ने मना कर दिया। कहा कि पड़ोसी ही संक्रमित थे। वह स्वस्थ हैं। इसके बाद कुछ लोग अपने घर में ताला लगाकर जाने लगे। डा. दिग्विजय सिंह ने सैंपल का विरोध होने की सूचना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी। नायब तहसीलदार निश्चिय कुमार और पुलिस भी मोहल्ला मोती पहुंचे।
इसके बाद नायब तहसीलदार ने काफी समझा बुझाकर पुलिस कर्मियों की मदद से लोगों को घरों से बुलाकर टीम से सैंपल कराए। इस दौरान मात्र 13 लोगों के ही सैंपल हो सके। इसके बाद सूची में शामिल लोगों के न मिलने पर टीम वापस लौट आई। घर से गायब हुए लोगों के नाम पुलिस ने नोट किये हैं। प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई अमल में लाने की बात कह रहे हैं।
टीम के नोकझोंक के बाद सैंपल
बुधवार की दोपहर मोहल्ला कागजी में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना की जांच के लिए सैंपल करने गई थी। वहां घर में मौजूद महिला की भी टीम से काफी नोकझोंक हुई और कोरोना सैंपल कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद नायब तहसीलदार व पुलिस के समझाने के बाद महिला ने अपना कोरोना सैंपल करा लिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना के सैंपल लेने पहुंची थी। लोगों ने सैंपल देने से मना कर दिया। नायब तहसीलदार और पुलिस भी गई थी। लोग घरों से चले गए थे। जो लोग कोरोना जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
महेश प्रसाद दीक्षित, एसडीएम चंदौसी।