चंदौसी में ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर पथराव के विरोध में प्रदर्शन करते सिख समुदाय के लोग।
- फोटो : CHANDAUSI
संभल। नगर के हल्लू सराय स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क के पास सिक्ख समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया है। रविवार को सिक्ख समाज के लोगों ने पार्क के पास एकत्र होकर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ननकाना गुरुद्वारा साहिब पर हुई पथराव की घटना से नानक भक्तों में कड़ा रोष है। घटना से व्यथित लोगों का कहना है कि पाक में यह नापाक कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आस्था पर हमला किसी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग की और विरोध जताया है। सरदार कुलवीर सिंह ने कहा कि यह घटना इंसानियत को तार-तार कर देने वाला कृत्य है। ननकाना साहिब गरुद्वारा पर हमले से पाकिस्तान कि छवि पूरे विश्व में और खराब हुई है।
भारत सरकार को जल्द ही इस विषय पर कार्यवाही करनी चाहिए। ज्ञानी किशन सिंह ने कहा कि पाकिस्तान सरकार को विश्व के सभी नानक प्रेमियों से माफी मांगनी चाहिए। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक और उनके आस्था केंद्र सुरक्षित नहीं हैं, जो चिंताजनक है। भारत सरकार इस मामले को गंभीरता से लेकर कड़ी कार्रवाई करें।