संभल के तहसील परिसर में ग्राम पंचायत के चुनाव में बीएलओ बनाए जाने पर शिक्षामित्र विरोध प्रदर्शन ?
- फोटो : SAMBHAL
तहसील परिसर में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक/शिक्षामित्र संघ की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में शामिल शिक्षामित्रों ने ग्राम पंचायत चुनाव के लिए बीएलओ बनाए जाने पर रोष जाहिर किया। साथ ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव में की गई ड्यूटी के मानदेय का मुद्दा भी उठाया।
इसी क्रम में विरोध प्रदर्शन कर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। मंगलवार को हुए विरोध प्रदर्शन में शिक्षामित्रों ने कहा कि ग्राम पंचायत के चुनाव की बीएलओ ड्यूटी में कई आरोप लगते हैं। इसमें आरोप लगाया जाता है कि बीएलओ ने वोट काट दिए या बढ़ा दिए। इससे रंजिश की स्थिति बन जाती है। राजनीतिक दबाव आने पर कार्रवाई तक की जाती है। इसलिए चुनाव में शिक्षामित्रों की ड्यूटी न लगाई जाए। साथ ही कहा कि लोकसभा, विधानसभा चुनाव और एनपीआर की ड्यूटी का मानदेय अब तक नहीं दिया गया है। जो मानदेय बचा है, उसके भुगतान करने की मांग की। इस दौरान मोहम्मद नसीम, नंदराम, हुकम सिंह, मोहम्मद सालिम, सत्यपाल, नरेशपाल, अमित शर्मा, मोहम्मद कामरान, पूनम रानी, तनुजा, सरोज आदि मौजूद रहे।