संभल। नगर पालिका क्षेत्र में खस्ताहाल सड़कों के विरोध में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मंगलवार को सड़क पर उतर आए। जुलूस की शक्ल में उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को देकर समस्या हल करने की मांग की।
सपा नेता सुहेल इकबाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता और समर्थक मंगलवार को हिंद इंटर कॉलेज के मैदान के निकट एकत्र हुए। यहां से वह जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां खस्ता हाल सड़कों के विरोध में नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि संभल में चंदौसी चौराहे से अस्पताल चौराहा, एजेंटी तिराहे से पंजू सराय, कटरा मूसा खां होते हुए रेलवे स्टेेशन, खग्गू सराय से नखासा, अस्पताल चौराहे से बरेली सराय के बीच जो सड़कें हैं, वह पूरी तरह से जर्जर हो गईं हैं। सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे हैं और आए दिन इन्हीं गड्ढों की वजह से हादसे होते रहे हैं।
नगर पालिका को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब मानसून आ गया है। गड्ढों में पानी भरेगा और हादसों का खतरा बढ़ेगा। यदि कोई बड़ी दुर्घटना हुई प्रशासन जिम्मेदार होगा। इस मौके पर सईद अख्तर इसराइली, तुर्की ताहिर, मुंशी वाहिद, रौनक, मोहम्मद सरताज, जहीर अहमद, बिलाल, जाबिर, आसिम, शराफत, सुहेल चमन, शकील अहमद, नौशाद, आफताब, मोहम्मद आसिफ आदि मौजूद रहे।